कुम्भ 2019 : पौष पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी दो करोड़ श्रद्धालुओं ने लगायी
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद स्थित संगम पर पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ा। मकर संक्रांति के प्रथम स्नान के बाद सोमवार को पौष पूर्णिमा पर दूसरा स्नान किया गया। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम तट पर देश-दुनिया के हर कोने से श्रद्धालु खींचे चले आए। इलाहाबाद के संगम में दुनिया भर से आए करीब सवा दो करोड़ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगायी। देश और दुनिया के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच पवित्र नदियों में स्नान करते हुए अपने और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। आस्था का यह सैलाब इलाहाबाद के अलावा गंगा यमुना, गोमती, मंदाकिनी, आदि गंगा, गरुण गंगा समेत सभी पवित्र नदियों और सरोवरों के तट पर उमड़ा।