News

जापान में गूंजा “हर-हर महादेव”, निकली कांवड़ यात्रा

उपासना डेस्क, नॉएडा: हिंदू धर्म सनातन काल से चला आ रहा है और इसकी जड़ें पूरी दुनिया में फैली हुई हैं। संस्कृति और परंपराओं का निर्वहन करना मात्र एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह अपनी जन्मभूमि और जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक है।

जापान की धरती पर भी भारतीय संस्कृति की छाप स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। वहां रह रहे प्रवासी भारतीय वर्षों से अपने सांस्कृतिक मूल्यों को जीवित रखने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में “कांवड़ यात्रा” एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है, जिसे जापान में रह रहे बिहार-झारखंड के प्रवासी भारतीय न केवल सहेज रहे हैं, बल्कि उसे और भी भव्यता प्रदान कर रहे हैं।

बिहार फाउंडेशन जापान के सचिव विकास रंजन बताते हैं कि जापान में पहली कांवड़ यात्रा वर्ष 2022 में आरंभ हुई थी और अब यह आयोजन प्रवासी समाज के बीच एक भव्य उत्सव का स्वरूप ले चुका है।

हाल ही में सम्पन्न हुई चौथी कांवड़ यात्रा टोक्यो के फुनाबोरी (Funabori) से शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भरी कांवड़ को कंधों पर उठाकर “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पैदल ओजिमा (Ojima) तक यात्रा की। इसके पश्चात वाहनों के माध्यम से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय कर श्रद्धालु इबाराकी प्रांत स्थित श्रीराम मंदिर, बांदो पहुँचे।

मंदिर परिसर में भोलेनाथ का जलाभिषेक, विशेष श्रृंगार और भव्य आरती के साथ यह दिव्य यात्रा संपन्न हुई। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि प्रवासी समाज को एकजुट कर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को भी प्रबल किया।

Comments

comments

Upasana Desk

उपासना टीवी, दिल्ली एनसीआर से संचालित प्रतिष्ठित धार्मिक हिंदी मीडिया संसथान है। जो विगत 13 वर्षों से धर्म और सांस्कृतिक मीडिया में अग्रसर है। उपासना टीवी में हम आपकी धार्मिक समाचार को प्रकाशित करते हैं। आप अपनी खबरें और सुझाव हमें upasana.tv@gmail.com पर भेज सकते हैं या 9312827955 पर Whatsapp और 7011103242 पर Call कर सकते हैं।

error: Content is protected !!