पीएम मोदी के जन्मोत्सव पर भभुआ में हवन-पूजन, दी गई दीर्घायु की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कैमूर जिले के भभुआ शहर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। शहर के पूरब स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

इस विशेष अनुष्ठान में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर भारत की प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को “विश्वगुरु” बनाने की प्रार्थना की।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडे ने शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। हम सबकी प्रार्थना है कि वे लंबे समय तक देश का नेतृत्व करें और भारत का गौरव बढ़ाएं।”

इस अवसर पर आचार्य अत्रि भारद्वाज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और पूजा सम्पन्न कराई। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य, आयु और निरंतर सफलता की कामना हेतु किया गया है।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। पूजा-अर्चना में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण भारतीय परंपरा के अनुरूप श्रद्धा के साथ शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और भारत को विश्वगुरु बनाने की सामूहिक कामना इस धार्मिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।