क्या 2 अगस्त को सूर्य ग्रहण है? जानें क्या है सच्चाई

उपासना डेस्क, नॉएडा: अगस्त का महीना शुरू होते ही सोशल मीडिया पर 2 अगस्त को सूर्य ग्रहण लगने की चर्चा तेज़ हो गई है। लोग इस ग्रहण के समय और प्रभाव के बारे में जानना चाहते हैं। हालांकि, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2 अगस्त 2025 को कोई भी सूर्य ग्रहण नहीं लगेगा। यह जानकारी पूरी तरह से एक अफवाह है।

इस साल यानी 2025 में कुल दो सूर्य ग्रहण लगेंगे, जिनमें से पहला 29 मार्च को लग चुका है। वहीं, दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर 2025 को लगेगा।

कहां से शुरू हुआ 2 अगस्त की तारीख का भ्रम? (kya kal surya grahan hai)
दरअसल, 2 अगस्त की तारीख का यह भ्रम 2027 में लगने वाले एक बड़े सूर्य ग्रहण की वजह से फैला है। 2 अगस्त 2027 को सदी का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण लगने वाला है। यह एक दुर्लभ खगोलीय घटना होगी, जिसमें चंद्रमा की छाया यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों से होकर गुजरेगी। ऐसा माना जा रहा है कि इस ग्रहण के दौरान धरती के कुछ हिस्सों में लगभग 6 मिनट 22 सेकंड तक अंधेरा रहेगा, जो इसे सदी का सबसे लंबा ग्रहण बना देगा।

2025 में सूर्य ग्रहण: समय और सूतक काल
जैसा कि पहले बताया गया है, 2025 का दूसरा सूर्य ग्रहण 21 सितंबर की रात 11 बजे से शुरू होकर 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 24 मिनट तक रहेगा। यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण होगा, जो भारत में दिखाई नहीं देगा क्योंकि यह रात के समय होगा।

क्योंकि यह ग्रहण भारत में दृश्यमान नहीं है, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। सूर्य ग्रहण को लेकर हिंदू धर्म में कई मान्यताएं हैं, जिसके अनुसार ग्रहण को अशुभ माना जाता है और इस दौरान शुभ कार्य और मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। लेकिन भारत में दिखाई न देने के कारण इस ग्रहण का कोई भी धार्मिक प्रभाव नहीं माना जाएगा।