आगामी कुंभ मेला-2027 के भव्य एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। मेला प्रशासन द्वारा कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्वीकृत स्थायी निर्माण कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि मेला अवधि के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी एवं पुरानी गंग नहर पर स्वीकृत पुल निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सेतु निर्माण में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए, क्योंकि यह पुल मेला अवधि में यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त अपर मेलाधिकारी ने रोशनाबाद में निर्माणाधीन औषधि भंडारण कक्ष (वेयरहाउस) का भी निरीक्षण किया। कुंभ मेले के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस वेयरहाउस में आधुनिक सुविधाओं के साथ औषधियों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मेला प्रशासन का कहना है कि सभी स्थायी ढांचागत कार्य समय पर पूर्ण होने से कुंभ मेला-2027 का आयोजन अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाया जा सकेगा।




