लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का किया अभिनंदन

शुक्ला के नाम पर राज्य सरकार जारी करेगी छात्रवृत्ति, युवाओं को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का नागरिक अभिनंदन किया। ऐतिहासिक एक्सिओम-4 मिशन और 18 दिन की अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) यात्रा से सकुशल लौटने के बाद उनका यह पहला आगमन था।

लोकभवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उनकी अंतरिक्ष यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री के मुख्य वक्तव्य

  • चार दशक बाद किसी भारतीय को अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिला है और यह गर्व का विषय है कि यह सौभाग्य उत्तर प्रदेश के लाल शुभांशु शुक्ला को प्राप्त हुआ।
  • शुक्ला के नाम पर स्पेस टेक्नोलॉजी में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी।
  • अंतरिक्ष विज्ञान का उपयोग आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन से निपटने और किसानों की आय बढ़ाने में किया जा सकता है।
  • उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए यह क्षेत्र नए अवसरों और संभावनाओं से भरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की यात्रा से पूरे देश को गर्व हुआ है। उन्होंने 18 दिनों में पृथ्वी के 320 चक्कर लगाए और भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा तैयार 7 प्रयोग अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक पूरे किए।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शुक्ला ने पूरे देश के दिलों में जगह बनाई है और युवाओं को प्रेरणा दी है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि यह मिशन उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम में उल्लेखनीय प्रगति की है।

शुक्ला का अनुभव साझा

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि यह पहली बार था जब भारतीय वैज्ञानिकों को माइक्रो ग्रेविटी पर शोध का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस मिशन ने भारत के युवाओं में स्पेस साइंस के प्रति उत्साह जगाया है और यह देश के लिए “गोल्डन पीरियड” साबित होगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्रीगण, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और शुक्ला के परिजन भी उपस्थित रहे।