उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने दून अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों से किया संवाद, परखी व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों से संवाद किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता और तीमारदारों की सुविधाओं की समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीएम धामी ने मरीजों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति जानी और अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने तीमारदारों के लिए समुचित सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने ऑपरेटर से सैंपल संग्रहण प्रक्रिया और टेस्टिंग व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया और योजना को गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।