श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को मिला नया ट्रस्टी, रामकथा संग्रहालय पर भी हुई चर्चा

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में दिवंगत ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के रिक्त पद पर हरदोई के कृष्ण मोहन को नया ट्रस्टी बनाया गया। वहीं अयोध्या में तेजी से बन रहे अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय की प्रगति की समीक्षा हुई।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दिवंगत ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के निधन के बाद खाली हुए पद पर हरदोई निवासी कृष्ण मोहन को सर्वसम्मति से नया ट्रस्टी चुना गया।

कृष्ण मोहन ने लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी करने के बाद 2012 में महाराष्ट्र कैडर से भारतीय वन सेवा से सेवानिवृत्ति ली थी। सेवानिवृत्ति के बाद से वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने उनके अनुभव और सेवा भावना की सराहना की।

हालांकि, ट्रस्टी राजा विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से खाली पद पर अभी सहमति नहीं बन सकी। इस पर आगे की बैठकों में निर्णय लिया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय की प्रगति

बैठक में अयोध्या में बन रहे अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय की प्रगति पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट ने जानकारी दी कि सिविल वर्क तेजी से पूरा हो रहा है और इसके बाद डिस्प्ले वर्क शुरू किया जाएगा।

संग्रहालय में लगभग 20 गैलरियां होंगी, जिनमें भारत और विश्व की विभिन्न भाषाओं व परंपराओं में लिखी गई रामायण की प्रतियां, चित्र और आर्टिफैक्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे।

आईआईटी मद्रास की टीम आधुनिक तकनीक से संग्रहालय का डिस्प्ले डिजाइन तैयार कर रही है। ट्रस्ट के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने विश्वास जताया कि यह संग्रहालय अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा और अयोध्या की पहचान को और अधिक भव्य रूप प्रदान करेगा।