नर्मदा गौ कुम्भ शुभारंभ को लेकर निकाली गई कलश यात्रा
उपासना डेस्क, जबलपुर: नर्मदा गौ कुम्भ शुभारंभ को लेकर दोपहर कलश यात्रा उमा घाट से गीता धाम तक निकाली गई। यह कलश यात्रा दोपहर 2 बजे से उमाघाट से शुरू होकर कार्यक्रम स्थल तक विभिन्न चरणों में मां नर्मदा पूजन, कन्या पूजन के साथ संपन्न हुई। कलश यात्रा में जगतगुरु डॉ. स्वामी श्यामदेवा आचार्य जी महाराज संस्थापक एवं संरक्षक जी, डॉ.स्वामी नरसिंहदास संयोजक जी व अन्य संतों के साथ रूद्र शक्ति सेना सामाजिक संगठन के नारी शक्ति मध्य प्रदेश संगठन संगठन मंत्री माया हिन्दू व समस्त भक्तजनों की उपस्थिति भी रही।

इसी क्रम में तृतीय दिवस 26 फरवरी से 3 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 12 बजे तक नर्मदा महायज्ञ, महारुद्र यज्ञ एवं गोपुष्टि महायज्ञ के कार्यक्रम संपन्न होंगे। पूर्वान्ह् 11.30 बजे से 3 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा प्रवक्ता आचार्य इंद्रेश उपाध्याय श्रीमद् भागवत कथा पर प्रवचन देंगे। प्रतिदिन पूर्वान्ह् 3 बजे से सायं 7 बजे तक संत समागम होगा। सायं 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक महाआरती होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन दो चरणों में संपन्न होंगे। प्रात: 9 बजे से अपरान्ह् 11 बजे तक एवं रात्रि 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक। आयोजन के अंतिम पड़ाव 3 मार्च को प्रात: 8 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक भगवान योगेश्वर पाटोत्सव, पूजन, महाआरती एवं छप्पन भोग के कार्यक्रम संपन्न होंगे। प्रात:9.30 बजे से 11.30 बजे तक संतों का शाही स्नान एवं दोपहर 12 से 1 बजे के बीच महायज्ञ की पूणार्हूति होगी।