उपासना डेस्क, नॉएडा: बाबा अमरनाथ की यात्रा ने इस साल एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 4 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु अब तक पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रा की सफलता और सुरक्षा व्यवस्था का प्रमाण है। सुरक्षाकर्मी पूरी लगन और भक्तिभाव से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, जिसके कारण यात्री एक सुरक्षित और सहज माहौल में अपनी यात्रा पूरी कर पा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि बाबा अमरनाथ असंभव को भी संभव बना देते हैं। उन्होंने इस चमत्कार के लिए भगवान शिव का धन्यवाद किया और यात्रा को सफल बनाने में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
उपराज्यपाल ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आना भारत की एकता और हर चुनौती पर विजय पाने के उसके संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी अटूट आस्था से भारत की आध्यात्मिक विरासत को और मजबूत किया है।
मनोज सिन्हा ने यह भी कहा कि यह यात्रा सिर्फ कठिन और चुनौतीपूर्ण नहीं, बल्कि आनंद की एक अद्भुत यात्रा है। यह एक आध्यात्मिक अनुभव है जो भक्तों को खुद को जानने, गहरा विश्वास पाने और उनके मन को कृतज्ञता से भर देता है।

 


